Noida News : अब सिर्फ 30 रुपये में घर बैठे मिलेगी 24×7 डॉक्टर की सलाह, फेलिक्स हॉस्पिटल और नोएडा लोक मंच की नई पहल।

नोएडा के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आसान एवं किफायती बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। अब महज 30 रुपये में 24 घंटे ऑनलाइन डॉक्टर से वीडियो कॉल पर परामर्श लिया जा सकेगा। इस सुविधा के साथ ई-प्रिस्क्रिप्शन, मुफ्त एंबुलेंस और दवाओं पर विशेष छूट जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नोएडा लोक मंच के निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र और फेलिक्स हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से शुक्रवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में नई ऑनलाइन हेल्थ सर्विस की शुरुआत की गई। इस सेवा का उद्देश्य उन लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें अस्पताल जाने में कठिनाई होती है या जिन्हें तत्काल डॉक्टर की सलाह की आवश्यकता होती है।

फेलिक्स हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि मरीज केवल 30 रुपये के शुल्क पर 24 घंटे वीडियो कंसल्टेशन के माध्यम से अनुभवी चिकित्सकों से सलाह ले सकेंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुकिंग और ई-प्रिस्क्रिप्शन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

मरीजों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

नई हेल्थ सर्विस के तहत मरीजों को कई अतिरिक्त लाभ भी दिए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं—

  • 24 घंटे ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श
  • वीडियो कंसल्टेशन और ई-प्रिस्क्रिप्शन
  • 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में इमरजेंसी के दौरान निशुल्क एंबुलेंस
  • 24 घंटे संचालित फार्मेसी से दवाओं पर 15% तक की छूट
  • फेलिक्स हॉस्पिटल में आईपीडी उपचार पर 30% तक विशेष छूट
  • जरूरत पड़ने पर मरीज को सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने की सुविधा

डॉ. डी.के. गुप्ता ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और ऐसे मरीजों के लिए उपयोगी होगी जिन्हें शुरुआती स्तर पर डॉक्टर की सलाह की आवश्यकता होती है।

9 अगस्त को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप

नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि संस्था लंबे समय से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में 9 अगस्त को एक मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच, डॉक्टरों से परामर्श और हेल्थ कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल दवाएं उपलब्ध कराना नहीं बल्कि तकनीक की मदद से लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि समय रहते मरीज उचित चिकित्सकीय सलाह प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में रहे मौजूद

कार्यक्रम में फेलिक्स हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता सहित विनीत गर्ग, पवन यादव, आर.एन. श्रीवास्तव, कुशाग्र अवस्थी, जमील अहमद, एस.के. जैन, वी.के. जैन, मुकुल बाजपेयी, रेनू छिब्बर, विभा बंसल, विनोद शर्मा, ओ.पी. पारीक, ब्रज गोपाल और प्रदीप समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]