ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्ट्रे डॉग विवाद खत्म करने के लिए नई पहल शुरू की है। हर गुरुवार सोसाइटीवार बैठक होगी, जिसमें पुलिस, पशु विभाग, एसपीसीए, एओए और डॉग फीडर्स की मौजूदगी में फीडिंग पॉइंट तय किए जाएंगे।
News Diary Today | Noida News
ग्रेटर नोएडा। स्ट्रे डॉग को लेकर आए दिन होने वाले विवाद, शिकायतें और कई बार अदालत तक पहुंचने वाले मामलों को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक नई पहल शुरू की है। अब इस संवेदनशील मुद्दे का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि बातचीत और आपसी सहमति से निकालने की कोशिश की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर प्रत्येक बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोसाइटीवार बैठक आयोजित की जा रही है। इन बैठकों का उद्देश्य डॉग फीडर्स, सोसाइटी निवासियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करना है ताकि सभी की सहमति से डॉग फीडिंग पॉइंट निर्धारित किए जा सकें।
बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.के. भारती करते हैं। इसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA), एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर्स भी शामिल होते हैं।
एनिमल बर्थ कंट्रोल नियमों की भी दी जा रही जानकारी
बैठकों में केवल फीडिंग पॉइंट तय करने पर ही चर्चा नहीं होती, बल्कि लोगों को Animal Birth Control (ABC) Rules के बारे में भी जागरूक किया जाता है ताकि कानून के दायरे में रहकर स्ट्रे डॉग की समस्या का समाधान किया जा सके।
24 सोसाइटियों के लिए जारी हुआ पूरा कार्यक्रम
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 31 दिसंबर 2026 तक कुल 24 सोसाइटियों के लिए बैठक का शेड्यूल जारी किया है।
23 जुलाई को इस अभियान की पहली बैठक आयोजित की गई थी। अब तक सेवियर ग्रीन आर्क, पार्श्वनाथ पैनोरमा और महागुन मायवुड सोसाइटी के साथ बैठकें हो चुकी हैं।
अब अगली बैठक 13 अगस्त को हिमालया प्राइड, टेकजोन-4 के प्रतिनिधियों के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बोर्ड रूम में आयोजित होगी।
इसके बाद अगस्त से दिसंबर तक जेपी ग्रींस, येस सिटी, गौर सिटी-1, एटीएस ग्रीन पैराडिसो, अम्रपाली गोल्फ होम, एनटीपीसी आनंदम, पटेल नियो टाउन, अफोर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी, निंबस एक्सप्रेस पार्क व्यू-2, सेंचुरियन पार्क, ड्रीम वैली विला, सुपरटेक ईको विलेज-1, जेकेजी पाम कोर्ट, पंचशील, श्री राधा स्काई गार्डन और अंतरिक्ष गोल्फ लिंक समेत कुल 24 सोसाइटियों के साथ चरणबद्ध बैठकें होंगी।
आपसी सहमति से खत्म होंगे विवाद
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। यदि प्रत्येक सोसाइटी में सहमति से डॉग फीडिंग पॉइंट तय हो जाते हैं तो स्ट्रे डॉग को लेकर होने वाले अधिकांश विवाद स्वतः समाप्त हो जाएंगे और लोगों के बीच अनावश्यक टकराव भी कम होगा।
