नोएडा के सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क की खूबसूरती पर अब बदहाली का साया मंडरा रहा है। करोड़ों की लागत से बने इस वैदिक थीम पार्क के सार्वजनिक शौचालय गंदगी, टूटे नलों और खराब फ्लश के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं।
News Diary Today। Noida News
नोएडा न्यूज़। नोएडा के सेक्टर-78 स्थित प्रसिद्ध वेदवन पार्क के सार्वजनिक शौचालय इस समय रखरखाव के अभाव में बदहाली के आंसू रो रहे हैं। कभी अपनी वैदिक वास्तुकला, हरियाली और अनूठी खूबसूरती के लिए पूरे दिल्ली- एनसीआर में पहचान बनाने वाला यह पार्क आज बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। स्थानीय निवासियों और आगंतुकों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्ष 2023 में उद्घाटित यह भारत का पहला वैदिक थीम पार्क है। सात ऋषियों के नाम पर बंटे सात ज़ोन और मंत्रमुग्ध कर देने वाले लेज़र लाइट शो ने इसे पर्यटकों का पसंदीदा केंद्र बना दिया था। लेकिन आज, इसी भव्यता के पीछे एक कड़वी सच्चाई छिपी है। पार्क में आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करना एक दुःस्वप्न जैसा बन गया है।शौचालयों में फ्लश और नल काम नहीं कर रहे हैं, जिससे स्वच्छता का नामोनिशान नहीं है।नियमित सफाई न होने के कारण चारों तरफ भारी गंदगी और बदबू फैली रहती है।स्थानीय रेजिडेंट्स के अनुसार, न केवल शौचालय बल्कि पार्क के वाटर कूलर भी महीनों से खराब पड़े हैं।
पर्यटकों और निवासियों में भारी रोष!
वीकेंड पर इस पार्क में करीब 8,000 से अधिक लोग आते हैं। दूर-दूर से आने वाले परिवार इस गंदगी को देखकर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब सरकार ‘स्वच्छ भारत और स्वच्छ नोएडा’ का दावा करती है, तो इतने बड़े और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर बुनियादी साफ-सफाई की ऐसी अनदेखी क्यों की जा रही है?