कुश्ती, पर्यावरण और प्रेरणा का संगम : सौहरखा अखाड़े में शालिनी सिंह का जोरदार स्वागत।

शालिनी सिंह की प्रो रेसलिंग लीग से प्रेरित सौहरखा के पहलवानों ने उठाई एसएआई सेंटर की मांग

न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।

नोएडा के सौहरखा कुश्ती अखाड़े में उस समय उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला, जब पूर्व सांसद एवं पूर्व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह की सुपुत्री शालिनी सिंह अखाड़े में पहुँचीं। उनके आगमन पर पहलवानों, कोचों और स्थानीय नागरिकों ने पारंपरिक अंदाज में जोरदार स्वागत किया। अखाड़े में मौजूद खिलाड़ियों ने उन्हें अपनी कुश्ती परंपरा से अवगत कराया और ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं और बुजुर्ग खेल प्रेमियों ने शालिनी सिंह द्वारा हाल ही में नोएडा स्टेडियम में आयोजित ‘प्रो रेसलिंग लीग’ की ऐतिहासिक सफलता की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र के युवाओं में कुश्ती के प्रति नया जोश और विश्वास पैदा किया है तथा यह साबित किया है कि यदि सही मंच और मार्गदर्शन मिले तो भारतीय कुश्ती फिर से विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती है। उपस्थित लोगों ने शालिनी सिंह के खेलों के प्रति समर्पण और सक्रिय भूमिका को प्रेरणास्रोत बताया।

अखाड़े के पहलवानों, कोचों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने एक स्वर में शालिनी सिंह के माध्यम से सरकार और खेल मंत्रालय तक अपनी मांग पहुँचाने का आग्रह किया। सभी ने सौहरखा कुश्ती अखाड़े को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सेंटर घोषित किए जाने की मांग रखी। वक्ताओं का कहना था कि यदि अखाड़े को एसएआई सेंटर का दर्जा मिलता है तो ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली पहलवानों को आधुनिक प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और राष्ट्रीय पहचान मिल सकेगी। इससे न केवल युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि भारत की पारंपरिक कुश्ती विधा भी सुरक्षित और सशक्त बनी रहेगी।

इस अवसर पर शालिनी सिंह ने अखाड़े के समीप विकसित किए गए ‘हरित उपवन’ का भी भ्रमण किया। खेल और पर्यावरण के इस अनोखे संगम को देखकर उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी बीएन सिंह तथा सौहरखा निवासी रवि यादव और उनकी टीम द्वारा किए गए पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की खुले दिल से सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण और सकारात्मक सोच का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से खलिफा रणि पहलवान, नोवरा अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर, अजय चौहान, पुनित राणा, पहलवान रिजवान राणा, सौहरखा कुश्ती अखाड़ा संचालक इन्द्रजित पहलवान, दिनेश पहलवान, पहलवान सोनू पंडित, रवि यादव, लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कोच, वरिष्ठ पहलवान और युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]