मतदाता सूची सुधार को लेकर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक।

न्यूज़ डायरी टुडे, गौतमबुध नगर।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट गौतम बुद्ध नगर के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विशेष रोल प्रेक्षक एवं संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार निखिल गजराज ने की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विशेष रोल प्रेक्षक ने जानकारी दी कि 6 जनवरी 2026 को निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है तथा 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इस दौरान फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से जारी है।

बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 17, 18, 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने पर विशेष जोर रहेगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अब तक की गई कार्यवाही पर फीडबैक लिया गया, जिस पर उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन द्वारा उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है तथा उनके सुझावों और आपत्तियों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की गई है।

विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि ASD (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड) सूची एवं नो-मैपिंग मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदाता सूची और अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बन सके। उन्होंने राजनीतिक दलों से नए एवं योग्य मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा।

बैठक में भाजपा से धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस से कपिल भाटी, सपा से सुधीर भाटी व अनुज तिवारी, बसपा से एडवोकेट ओम प्रकाश सिंह, सीपीआई(एम) से अरुण प्रताप सिंह तथा आम आदमी पार्टी से विवेक कुमार शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]