ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले हाईटेक चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बीटा-2 पुलिस ने तीन आरोपियों और दो नाबालिगों को पकड़कर करीब 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर, अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने बंद पड़े मकानों को निशाना बनाने वाले एक बेहद शातिर और सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से इस गिरोह के तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों (नाबालिगों) को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। बता दें कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,थाना बीटा-2 पुलिस की टीम एनएसजी गोल चक्कर और एटीएस सोसाइटी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से इन चोरों के मूवमेंट की खबर मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और बाइक सवार शातिर चोरों को दबोच लिया।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से पुलिस को भारी मात्रा में चोरी का सामान और हथियार मिले हैं,जिनमें करीब 20 लाख मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण। एक .315 बोर का तमंचा, 02 जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू।चोरी और रेकी की घटनाओं में इस्तेमाल होने वाली बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किये।
रेकी करने का अनोखा तरीका, डर से रखते थे हथियार?
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह अलग-अलग टोलियों में बंटकर पॉश इलाकों के उन मकानों की रेकी करता था जो कई दिनों से बंद पड़े होते थे। मौका पाकर ये ताला तोड़कर अंदर घुसते और चंद मिनटों में सोने-चांदी के कीमती जेवर समेटकर फरार हो जाते थे। पकड़े जाने के डर से ये हमेशा अपने पास अवैध तमंचा और चाकू जैसे घातक हथियार रखते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर हमला कर सकें।पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने हाल ही में थाना दादरी क्षेत्र के 2 बंद मकानों और थाना बीटा-2 क्षेत्र के 2 बंद मकानों में बैक-टू-बैक चोरियों को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेकराम (पुत्र बलेराम), पवन कुमार और अनिल भाटी के रूप में की है।थाना बीटा-2 पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए सोने-चांदी के आभूषणों का कानूनी तौर पर सत्यापन (Verification) कराया जा रहा है, जिसके बाद इसे असली मालिकों (पीड़ितों) को सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले सुनारों/कबाड़ियों के बारे में जानकारियां जुटा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
रिकवरी और एक्शन : 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, पीड़ितों को लौटाएगी पुलिस
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेकराम, पवन कुमार और अनिल भाटी के रूप में हुई है, जिनके साथ दो नाबालिग (बाल अपचारी) भी पकड़े गए हैं।आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी करते थे।पकड़े जाने या विरोध होने पर बचने के लिए आरोपी अपने साथ अवैध तमंचा और चाकू जैसे हथियार रखते थे।आरोपियों ने थाना दादरी और बीटा-2 क्षेत्र के कई बंद मकानों को निशाना बनाने की बात कबूल की है। पुलिस उनके कब्जे से 20 लाख के जेवर बरामद कर अन्य चोरियों में उनकी संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।