ग्रेटर नोएडा के दनकौर में त्योहार के घेवर में निकला कॉकरोच! ग्राहक ने खड़े किए सवाल, वीडियो वायरल।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में त्योहार की मिठास उस समय कड़वाहट में बदल गई, जब बाजार से खरीदे गए घेवर में मरा हुआ कॉकरोच मिलने का दावा किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जबकि पीड़ित ने FSDA से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

News Diary Today | Greater Noida News

G. Noida | ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ त्योहार के सीजन में खरीदी गई प्रसिद्ध मिठाई ‘घेवर’ के अंदर एक मरा हुआ कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया है। पीड़ित ग्राहक ने इस मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के धनोरी गांव के रहने वाले विजयपाल सिंह ने त्योहार के मद्देनजर दनकौर कस्बे की एक नामी मिठाई की दुकान से घेवर खरीदा था। जब वह घेवर लेकर अपने घर पहुंचे और परिवार के साथ खाने के लिए उसे डिब्बे से निकाला, तो सबके होश उड़ गए। घेवर के ऊपर एक बड़ा सा कॉकरोच मरा हुआ चिपका हुआ था।पीड़ित विजयपाल सिंह ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर हलवाई और दुकानदार लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने दुकान पर जाकर भी इसका विरोध किया और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घेवर के हिस्से में कॉकरोच फंसा हुआ है। स्थानीय लोग और नेटिजन्स इस वीडियो को शेयर करके दनकौर और ग्रेटर नोएडा के खाद्य सुरक्षा विभाग को टैग कर रहे हैं। लोग मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग कर रहे हैं।

अधिकारियों से शिकायत, कार्रवाई की मांग!

विजयपाल सिंह ने इस मामले की औपचारिक शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के अधिकारियों से की है। उन्होंने मांग की है कि उक्त मिठाई की दुकान पर तुरंत छापेमारी की जाए।दुकान में बन रही मिठाइयों के सैंपल लिए जाएं।जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदार का लाइसेंस रद्द हो।इस घटना के बाद से दनकौर के स्थानीय उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। लोग अब त्योहारों पर बाजार की मिठाइयां खरीदने से कतरा रहे हैं।

Author