नोएडा में अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन : सेक्टर-78 के ग्रुप हाउसिंग में बिना अनुमति चल रही 3 दुकानें सील।

नोएडा में अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर प्राधिकरण ने शिकंजा कस दिया है। सेक्टर-78 के ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट में आवासीय कमरों को दुकानों में बदलकर चलाए जा रहे 3 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के सख्त निर्देशों के बाद, शहर में अनधिकृत निर्माण और अवैध कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू हो गया है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि स्वीकृत मास्टर प्लान और भू-उपयोग (Land Use) के नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि इसी कड़ी में आज, बुधवार को नियोजन विभाग (Planning Department) की जांच रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-78 स्थित ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड संख्या JPS-02 में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।प्राधिकरण के नियोजन विभाग को शिकायत मिली थी कि इस ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट में स्वीकृत नक्शे के विपरीत जाकर अवैध निर्माण किया गया है। अधिकारियों ने जब मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया, तो पाया कि आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत भवन के कमरों में बदलाव कर दिया गया था। इन कमरों को अनधिकृत रूप से दुकानों में तब्दील कर वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।जांच में मामला सही पाए जाने के बाद, दोषी पाए गए परिसर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। आज ग्रुप हाउसिंग विभाग, वर्क सर्किल-6 और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने बिना किसी देरी के अवैध रूप से चलाई जा रही 3 दुकानों को पूरी तरह से सील कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

प्राधिकरण की सख्त चेतावनी!

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस कार्रवाई के बाद कड़ा संदेश दिया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत मानचित्र (Sanctioned Map) के विपरीत किए जा रहे किसी भी प्रकार के निर्माण या व्यावसायिक गतिविधियों को तुरंत रोका जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में कड़ी निगरानी रखें ताकि भविष्य में कोई भी नियमों का उल्लंघन न कर सके।

Author