ग्रेटर नोएडा के एक होटल में इन्वेस्ट यूपी के महाप्रबंधक हरगोविंद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह UP International Trade Show में लखनऊ स्टॉल की मॉनिटरिंग के लिए आए थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास विभाग के अंतर्गत ‘इन्वेस्ट यूपी’ (उद्योग बंधु केंद्र) लखनऊ के महाप्रबंधक (GM) हरगोविंद सिंह (63 वर्ष) की एक होटल की खिड़की से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बता दें कि मिली जानकारी के मुताबिक, हरगोविंद सिंह ट्रेड शो में लखनऊ स्टॉल की मॉनिटरिंग के लिए ग्रेटर नोएडा आए हुए थे। वह शुक्रवार की रात को अपने कुछ दोस्तों और साथियों के साथ बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के एक होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में ठहरे थे। रात में सभी दोस्तों ने एक साथ खाना खाया और सो गए।शनिवार सुबह जब होटल का एक कर्मचारी कमरे में चाय देने पहुंचा, तो हरगोविंद सिंह अपने बिस्तर पर नहीं थे। कमरे में मौजूद अन्य साथियों की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि कमरे की खिड़की खुली हुई है। जब उन्होंने खिड़की से नीचे झांका, तो होटल के बाहर जमीन पर हरगोविंद सिंह का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर में थीं शादी की खुशियां, अब पसरा मातम
मूल रूप से लखनऊ के कल्याणपुर (गुडंबा थाना क्षेत्र) के रहने वाले हरगोविंद सिंह उद्योग बंधु केंद्र से रिटायर हो चुके थे, लेकिन सरकार ने उनके बेहतरीन काम को देखते हुए उन्हें एक्सटेंशन (सेवा विस्तार) दिया था। इस दुखद घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके छोटे बेटे की आगामी 24 नवंबर को शादी होनी है। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां इस खबर के बाद से कोहराम मचा हुआ है। उनका बड़ा बेटा गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है और छोटा बेटा लखनऊ में एक बैंक मैनेजर है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच शुरू!
घटना की सूचना मिलते ही बीटा-2 कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की फील्ड यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने कमरे और घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य (एविडेंस) जुटाए हैं।पुलिस के शुरुआती बयानों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला खिड़की से अचानक असंतुलित होकर गिरने का लग रहा है। शुरुआती जांच में दोस्तों के साथ शराब पीने की बात भी सामने आई है, जिससे पैर फिसलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनके साथियों से भी पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।