Greater Noida : शताब्दी के खिलाड़ी’ मेजर ध्यानचंद जी हैं खिलाड़ियों के ध्रुव तारा


नोएडा :- राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिला खेल कार्यालय गौतम बुध नगर व एस्टर पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा के प्रांगण में हॉकी के पूर्व कप्तान मेजर ध्यानचंद जी की जन्म जयंती पर हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गौतमबुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी तेजप्रताप मिश्र, विशिष्ट अतिथि एसीपी महेंद्र सिंह देव, जिला खेल अधिकारी अनीता नागर और नोएडा एसोसिएशन सेक्टर-9 के अध्यक्ष राजीव गोयल रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पंचशील बालक इंटर कॉलेज नोएडा व एस्टर पब्लिक स्कूल की छात्राओं और एस्टर पब्लिक स्कूल की टीम व एस्टर स्कूल हॉकी टीम सेंटर के बीच शानदार मैच हुआ। हॉकी मैच के बाद मुख्य विकास अधिकारी द्वारा खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये।
इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि, ‘खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया’ इस संदेश को हमें साकार करना होगा तभी हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद नोएडा एसोसिएशन सेक्टर-9 के अध्यक्ष राजीव गोयल ने बच्चों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के बारे में जानकारी दी और कहा कि, कैसे मेजर ध्यानचंद जी ने अपने जमाने में भारत को 3 ओलंपिक में गोल्ड मेडल दिलाए। यही उनका जादुई करिश्मा था जिसकी वजह से भारतीय ओलंपिक संघ ने कप्तान मेजर ध्यानचंद जी को शताब्दी का खिलाड़ी घोषित किया साथ ही भारत सरकार ने उनको पद्मभूषण से भी नवाजा। उन्होंने बच्चों का प्रोत्साहन बढ़ाते हुए कहा कि, जिस वक्त मेजर ध्यानचंद जी हॉकी पर अपनी जादूगरी दिखाते थे उस वक्त उनके पास हॉकी खेलने के लिए ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थी। बावजूद इसके उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपनी लगन को चरम सीमा पर ले जाकर विश्व में हॉकी की एक अलग पहचान बनाई। इसलिए हॉकी खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद जी से प्रेरणा लेनी चाहिए। क्योंकि आज हॉकी खेलने की जितनी सुविधाएं मौजूद हैं उससे भारत का नाम विश्व पटल पर और सुनहरे अक्षरों में लिखा जा सकता है। और यह सब खिलाड़ियों के प्रयास से ही संभव हो सकता है। साथ ही सरकार को भी हर राज्य के जिलों में हॉकी के मैच कराने चाहिए। जिससे हॉकी के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिले।
जिला खेल अधिकारी अनीता नागर ने उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों तथा विशिष्ट हस्तियों के प्रति आभार प्रकट एवं राष्ट्रगान के समूह गायन से किया।

इस अवसर पर मौजूद रहे


इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं समाजसेवी सरदार मंजीत सिंह, मनोज गर्ग, सुशील भाटी, रविंदर सिंह, केके शर्मा, विजेंद्र सिंह आर्य, भारती नेगी, विनीता, मनोज कुमार श्रीवास्तव, हरेंद्र भाटी, सुभाष चंद, चाचा हिंदुस्तानी आलोक सिंह, सुनील प्रधान, रमेश चंदानी, ओम रायजादा, अफजल सेक्रेटरी किक बॉक्सिंग आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।