नोएडा/ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर के 265 निजी स्कूलों पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। 1 लाख से अधिक छात्रों की APAR ID समय पर न बनाने पर विभाग ने 10 अगस्त 2026 की अंतिम चेतावनी जारी की है। तय समय सीमा के बाद स्कूलों का UDISE कोड बंद करने और मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। आखिर किन स्कूलों को नोटिस मिला है और छात्रों पर इसका क्या असर पड़ेगा? जानें पूरी खबर।
News Diary Today | Gautam Buddh Nagar news
गौतमबुद्धनगर न्यूज़ | जिले के निजी स्कूलों की लापरवाही अब हजारों छात्रों की डिजिटल पहचान पर भारी पड़ रही है। शिक्षा विभाग की सख्ती के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। बता दें कि जिले के 265 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय अब तक अपने 1,07,076 छात्रों की ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री यानी अपार आईडी नहीं बना सके हैं।अपार आईडी छात्रों की डिजिटल एकेडमिक पहचान है, जो भविष्य में मार्कशीट,ट्रांसफर सर्टिफिकेट और सरकारी योजनाओं के लिए जरूरी है।विभाग ने साफ कर दिया है कि 10 अगस्त 2026 अंतिम तिथि है। इसके बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। पहले संबंधित स्कूलों का यूडाइस कोड बंद किया जाएगा, इसके बाद मान्यता रद्द करने की संस्तुति शासन को भेजी जाएगी।बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के स्कूलों की प्रतिदिन निगरानी करें। साथ ही सूचीबद्ध स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को 10 अगस्त को बीईओ कार्यालय में अपार कार्य के प्रभारी और लैपटॉप के साथ उपस्थित होने के आदेश दिए गए हैं, ताकि मौके पर ही लंबित काम पूरा कराया जा सके।बीएसए ने स्पष्ट किया कि अपार आईडी बनाने से पहले अभिभावकों का सहमति पत्र* विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखना अनिवार्य है। समय सीमा में काम पूरा न होने या संतोषजनक जवाब न मिलने पर निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के तहत कार्रवाई की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।शिक्षा विभाग की इस सख्ती के बाद निजी स्कूलों में हड़कंप है। अब सभी की निगाहें 10 अगस्त की डेडलाइन पर टिकी हैं।
ये बड़े स्कूल भी फिसड्डी साबित हुए!
सूची में कई नामी स्कूल भी शामिल हैं जहां सबसे ज्यादा आईडी लंबित वाले स्कूलों नाम इस प्रकार है:
1- दयावती मेमोरियल स्कूल, दादरी: 4659 में से 2389
2- विद्या पब्लिक स्कूल, बिसरख: 1203
3- हर्ष दीप पब्लिक जूनियर हाई स्कूल: 1104
4- शारदा पब्लिक स्कूल: 1060
5- एचएस पब्लिक स्कूल: 996
6- अंजेल पब्लिक स्कूल: 989
7- धर्म सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल: 978
8- अनुभा ग्लोबल स्कूल: 905
9- बाल उदय मॉडल स्कूल: 892
10- एसएसवी पब्लिक स्कूल, दनकौर: 886
इन स्कूलों को भेजा गया नोटिस?
दयावती मेमोरियल, विद्या पब्लिक, शारदा पब्लिक, एसएसवी पब्लिक दनकौर, आरडी मॉडर्न, ग्रीन फील्ड तिगरी, सेंट बीएस, मैक्सविन जेवर, मदर कॉन्वेंट, फ्रॉबेल, डीएस पब्लिक, आर्य दर्शन, वीपीएस, न्यू ग्रीन लॉन्स, जेबीबीएस ग्लोबल, हेरिटेज, एसके इंटरनेशनल, आरसीएस मॉडर्न, ग्रीन वैली, आर्य दीप, सुरभी, श्री रामा, माउंट विन्सन, सेंट करेंस, गोल्डन फ्यूचर, विद्या वर्ल्ड, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एडुकेयर, टेक्नोस्फेयर इन्फोटेक और ग्रेटर नोएडा पब्लिक स्कूल सहित 265 स्कूल शामिल हैं।