Noida: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन पर कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा ने नोएडा स्थित आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने भी फोन पर कलराज मिश्रा से बात कर गहरी संवेदना जताई।
नोएडा न्यूज़ | उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा ने कलराज मिश्रा के नोएडा स्थित आवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
सतेन्द्र शर्मा ने सत्यवती मिश्रा के निधन पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
फोन पर प्रमोद तिवारी ने जताई संवेदना
इस दौरान सतेन्द्र शर्मा ने राज्यसभा में सदन के उपनेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की फोन पर कलराज मिश्रा से बातचीत भी कराई। बातचीत के दौरान प्रमोद तिवारी ने कलराज मिश्रा के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
प्रमोद तिवारी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही नोएडा पहुंचकर कलराज मिश्रा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और अपनी श्रद्धांजलि एवं संवेदना प्रकट करेंगे।
‘दुख की इस घड़ी में कांग्रेस परिवार साथ खड़ा है’
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद कठिन और पीड़ादायक समय है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह स्वयं और पूरी कांग्रेस पार्टी कलराज मिश्रा एवं उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
