पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को गहरा सदमा : पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 वर्ष की उम्र में निधन, नोएडा में होगा अंतिम संस्कार

Noida: पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र को गहरा व्यक्तिगत सदमा लगा है। उनकी पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 वर्ष की उम्र में नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहीं सत्यवती मिश्रा का आज दोपहर नोएडा के सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | भाजपा के कद्दावर नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री कलराज मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा (79) का देर रात नोएडा में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से फेफड़ों के संक्रमण (लंग्स इन्फेक्शन) और अन्य बीमारियों से जूझ रही थीं। नोएडा के सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने देर रात जिंदगी और मौत के बीच एक लंबे संघर्ष के बाद अपनी अंतिम सांस ली। बता दें कि श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद, बीते शनिवार को ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उनका हालचाल जानने विशेष रूप से मेट्रो अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य और उपचार को लेकर विस्तृत चर्चा भी की थी। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और देर रात उन्होंने प्राण त्याग दिए।पारिवारिक और राजनीतिक गलियारों में सत्यवती मिश्रा जी को एक बेहद सरल, सहज और निष्कपट गृहिणी के रूप में जाना जाता था। उनके करीबियों का कहना है कि वह आत्मीय व्यक्तित्व की धनी थीं और उनके घर आने वाले हर छोटे-बड़े व्यक्ति को वह एक समान स्नेह और आदर देती थीं। उनके निधन से मिश्रा परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

भाजपा नेतृत्व और दिग्गजों ने जताया गहरा शोक

श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी के गोलोकवास की सूचना मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई बड़े राजनेताओं ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

आज दोपहर 12:30 बजे होगा अंतिम संस्कार!

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, स्वर्गीय सत्यवती मिश्रा जी का अंतिम संस्कार आज (13 सितम्बर, रविवार) दोपहर 12:30 बजे नोएडा के सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास (शमशान घाट) में पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। इस दौरान कई राजनीतिक हस्तियों और स्थानीय गणमान्य लोगों के जुटने की संभावना है।

Author