Noida: नोएडा की छिजारसी, चोटपुर समेत स्थानीय कॉलोनियों में बिजली संकट को लेकर चल रहे जनसंघर्ष को बड़ी सफलता मिली है। लगातार विरोध, महापंचायत और आंदोलन के बाद कॉलोनियों में नए बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सपा नेता डॉ. आश्रय गुप्ता ने इसे जनता की एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि सभी पात्र परिवारों को बिजली कनेक्शन और मीटर मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा की स्थानीय कॉलोनियों में पिछले लंबे समय से चली आ रही बिजली और मीटर की गंभीर समस्या को लेकर जनता के हक में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। समाजवादी पार्टी (सपा) और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लगातार और कड़े संघर्ष के बाद आखिरकार शासन- प्रशासन को झुकना पड़ा है। कॉलोनियों में नियमानुसार नए बिजली मीटर लगाने की शुरुआत आधिकारिक तौर पर हो चुकी है, जिसे क्षेत्र के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक और सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। बता दें कि इस महत्वपूर्ण सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. आश्रय गुप्ता ने इसे जनता की एकजुटता की जीत बताया है। उन्होंने इस पूरे आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने वाले सभी क्षेत्रवासियों, कॉलोनीवासियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से महिलाओं (माताओं-बहनों) का दिल से आभार व्यक्त किया है।
महापंचायत से लेकर सड़कों तक की लड़ाई लाई रंग!
नोएडा की छिजारसी, चोटपुर जैसी घनी आबादी वाली कॉलोनियों में हाल ही में बिजली कनेक्शन काटे जाने और बिजली संकट को लेकर हजारों घरों में अंधेरा छा गया था. इसके विरोध में स्थानीय निवासियों ने कैंडल मार्च निकाला और व्यापक स्तर पर महापंचायत का आयोजन किया गया था। विपक्षी दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लगातार आरोप लगाया था कि बिजली जैसी बुनियादी जरूरत से हजारों परिवारों को वंचित करना आम जनता पर डिजिटल अत्याचार है।डॉ. आश्रय गुप्ता और सपा के अन्य साथियों ने जनता की इस आवाज़ को हर स्तर पर मजबूती से उठाया। सरकार को जगाने के लिए किए गए इसी निरंतर प्रयास का नतीजा है कि आज प्रशासन को पीछे हटकर मीटर लगाने की मांग को स्वीकार करना पड़ा।
यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं, जनता की एकजुटता की है: डॉ. आश्रय गुप्ता
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा, “यह जीत किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं है। यह नोएडा की जागरूक जनता, हमारे जुझारू कार्यकर्ताओं और उन माताओं-बहनों के अडिग हौसले की जीत है जिन्होंने हर परिस्थिति में इस संघर्ष का साथ दिया। जनता की आवाज़ ही हमारी असली आवाज़ है।”मीटर लगाने की शुरुआत को एक सकारात्मक कदम बताते हुए डॉ. गुप्ता ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी का यह अभियान अभी रुका नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक नोएडा की एक-एक कॉलोनी के अंतिम घर तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो जाती और नियमानुसार सभी पात्र परिवारों के घरों में मीटर नहीं लग जाते, तब तक यह आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।राजनीतिक गलियारों और सामाजिक हलकों में इस कदम को आगामी समय में नोएडा के शहरीकृत गांवों और कॉलोनियों के विकास के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।