News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में रविवार को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान आयोजित किया गया। टीम वॉलिंटियर्स और आई केयर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘मेरी सोसाइटी हम सब मिलकर संवारें’ अभियान में सोसाइटी के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में स्वच्छता का संदेश गूंजता रहा और लोगों ने साफ-सफाई को अपनी दैनिक आदत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें डॉ. महिपाल सिंह (फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन) ने उपस्थित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ खान-पान ही नहीं, बल्कि हमारे बैठने, खड़े होने और बोलने का तरीका भी शरीर के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव डालता है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, सही बॉडी पोस्टर और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
डॉ. महिपाल सिंह के समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए सोसाइटी के निवासियों ने उन्हें ‘सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए समाज में ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य चर्चा के बाद सभी प्रतिभागियों ने पूरे महादेव अपार्टमेंट परिसर में स्वच्छता रैली निकाली। इस दौरान लोगों को घरों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा खुले में न फेंकने और केवल नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सोसाइटी परिसर में सफाई भी की और एकत्रित कचरे को स्वास्थ्य विभाग के ट्रैक्टर में डलवाया।
बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर नारे लगाए और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। पूरे अभियान के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला और कई निवासियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी निवासी एवं उपमुख्यमंत्री सहित कई संस्थाओं से सम्मानित शिक्षिका नीतू सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा,
“हम न गंदगी करेंगे और न किसी को गंदगी करने देंगे। स्वच्छ समाज ही स्वस्थ समाज की पहचान है।”
महिलाओं ने भी संकल्प लिया कि वे अपने परिवार और आसपास रहने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी ताकि पूरा क्षेत्र साफ और स्वस्थ बन सके।
समाजसेवी नरेश यादव ने अभियान में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पतंग वितरित की। वहीं उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अर्जुन सहित पूरी टीम का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर फौजी हरिवंश सिंह, पूर्व अध्यक्ष सतवीर यादव, आकाश शर्मा, अनिरुद्ध राय, संदीप सिंह, डीएस नेगी, सुंदर सिंह, दिनेश पुनिया, हिमांशु चौधरी, अवधेश राणा, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
