नोएडा विधानसभा-61 की मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा दावा किया है। पार्टी के अनुसार जांच में 11,596 संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियां सामने आई हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति के नाम पर 3 से 6 तक वोटर आईडी दर्ज होने के मामले शामिल हैं। सपा ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल बताते हुए निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
News Diary Today, Noida
Noida News : समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर ने विधानसभा क्षेत्र-61 की मतदाता सूची में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। मंगलवार को सेक्टर-33 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने दावा किया कि जांच में 11,596 संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियां सामने आई हैं। कई मामलों में एक ही व्यक्ति के नाम पर तीन से छह वोटर आईडी तक दर्ज हैं। बता दें कि महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता की अध्यक्षता में हुई प्रेस वार्ता का संचालन मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने किया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि पार्टी द्वारा स्थानीय स्तर पर किए गए सत्यापन में व्यापक गड़बड़ियां मिली हैं।एक ही व्यक्ति के नाम पर तीन, चार, पांच और छह-छह वोटर आईडी दर्ज हैं और कई मामलों में मतदाता का नाम,आयु,पिता का नाम समान है, लेकिन पंजीकरण अलग-अलग बूथों पर है तथा कुछ मामलों में एक ही बूथ संख्या पर एक व्यक्ति की कई प्रविष्टियां मिली हैं। डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा, “यह स्थिति निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और तकनीकी रूप से सुदृढ़ मतदाता सूची के दावों पर गंभीर प्रश्न खड़ा करती है।शुरुआत से ही हमें संदेह था,अब दस्तावेजी साक्ष्यों ने आशंकाओं को मजबूत कर दिया है। वहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुनील चौधरी ने कहा कि जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में फर्जी मतदाता और हटाए गए मतदाताओं से जुड़े मामलों का भी खुलासा किया जाएगा और साथ ही महासचिव विकास यादव एवं मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने कहा, “यह किसी दल की प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद और मतदाता सूची की शुद्धता का सवाल है।” पार्टी ने उच्चस्तरीय, स्वतंत्र जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।सपा नोएडा महानगर ने कहा कि सभी दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ निर्वाचन आयोग को स्पीड पोस्ट से विस्तृत शिकायत भेजी जाएगी। आयोग के जवाब और जांच की प्रगति की जानकारी समय-समय पर जनता और मीडिया को दी जाएगी। इस प्रेस वार्ता में सपा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, सुनील चौधरी, विकास यादव, बबलू चौहान, गौरव कुमार यादव, मनोज गोयल, बाबूलाल बंसल, संजय त्यागी, भीष्म यादव, रामवीर यादव, राघवेंद्र दुबे, रोहित यादव, नकुल चौहान, राणा मुखर्जी, उदय सिंह, रंजन कुमार, वीरपाल अवाना, लोकेश यादव, गौरव यादव, वेदपाल, हरपाल सिंह, शादाब खान, नीर अवाना, दानिश सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
निर्वाचन आयोग से पूछे गए 5 सवाल!
सपा ने निर्वाचन आयोग से लिखित स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है। प्रमुख सवाल:
- पारदर्शी प्रक्रिया के बाद भी इतनी डुप्लीकेट प्रविष्टियां कैसे बचीं?
- यदि प्रशासनिक त्रुटि है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई?
- एक व्यक्ति के कई वोटर आईडी और अलग-अलग बूथों पर पंजीकरण कैसे संभव हुआ?
- क्या आयोग पूरी मतदाता सूची का स्वतंत्र पुनः परीक्षण कराएगा? दोषपूर्ण प्रविष्टियां हटाने की समय-सीमा क्या होगी?
- संबंधित जिलाधिकारियों की जवाबदेही कैसे तय होगी?