Noida Cyber Crime: नोएडा पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर IndiGo में नौकरी और बीमा पॉलिसी के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले बड़े साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल, एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। मामले में 159 संदिग्ध बैंक खातों और 19 रेड जोन की जांच जारी है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-1 पुलिस ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन Cy-Vajra’ के तहत इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से नोएडा के दो अलग-अलग सेक्टर्स में चल रहे हाईटेक फर्जी कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के 4 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है, जो देशव्यापी ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। बता दें कि थाना फेस-1 पुलिस नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज करीब 2500 शिकायतों की कड़ियों को जोड़ रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने 159 संदिग्ध बैंक खातों को ‘हॉट स्पॉट’ और ‘रेड जोन’ के रूप में चिन्हित किया। इन खातों के तार सीधे नोएडा के सेक्टर-2 और सेक्टर-6 से जुड़े मिले, जिसके बाद पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।पुलिस की रेड में दोनों कॉल सेंटरों से दो-दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पहला कॉल सेंटर में बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी की जा रही थी जोकि सेक्टर-6 में स्थित और वहां से दो लोगों को गिरफ्तार तनुज कुमार गोयल तथा पंकज को इसी के साथ यह से 01 लैपटॉप, 03 की-पैड मोबाइल, 01 स्मार्ट फोन, 17 ATM कार्ड और 01 चेकबुक। दूसरा कॉल सेंटर में Indigo में नौकरी के नाम पर ठगी हो रही थी यहां से भी दो लोगों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान मोहित कुमार तथा आदेश यादव के रूप में हुई है और इन से 02 कंप्यूटर, 05 की-पैड मोबाइल, 03 स्मार्ट फोन, 01 पेनड्राइव और 05 सिम कार्ड बरामद हुआ है।
फॉरेंसिक जांच और बैंक खातों की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस
एसीपी द्वितीय मयंक तिवारी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी बेहद शातिर हैं। बरामद किए गए सभी डिजिटल उपकरणों (कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल) को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि इनके डिलीट किए गए डेटा और अन्य शिकारों की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही, चिन्हित किए गए 159 संदिग्ध बैंक खातों के जरिए अब तक देश भर में कितने करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है, उसका पूरा ब्योरा निकाला जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से कई अन्य बड़े चेहरों का भी खुलासा हो सकता है।
एडीसीपी मनीषा सिंह का खुलासा: 19 रेड जोन चिन्हित कर दबोचे गए ठग
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर थाना फेस-1 क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई की।थाना स्तर पर गहन जांच कर करीब 159 संदिग्ध बैंक खातों और 19 रेड जोन (संवेदनशील ठिकानों) को चिन्हित किया गया था।नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का इन खातों से मिलान होने पर पुलिस ने दोनों कॉल सेंटरों पर एक साथ छापा मारा।गिरोह का एक हिस्सा बंद बीमा पॉलिसी मैच्योर कराने/क्रेडिट कार्ड के नाम पर और दूसरा हिस्सा इंडिगो एयरलाइंस में फर्जी नौकरी के नाम पर देशव्यापी ठगी कर रहा था।आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस (BNS) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।