Noida Crime News : नोएडा पुलिस ने सेक्टर-18 में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.1 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है। सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पूरे ड्रग्स नेटवर्क और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने क्षेत्र में पैर पसार रहे नशे के कारोबार पर एक और जोरदार प्रहार किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सेक्टर-18 स्थित बिजली घर के पास बने एक पार्क में अचानक दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद 5 महिला अभियुक्ताओं को रंगे हाथों दबोच लिया। यह सभी महिलाएं पार्क में छिपकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थीं और वहीं से अवैध गांजे की पुड़िया सप्लाई करने की फिराक में थीं। बता दें कि गिरफ्तारी के बाद जब महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में इन अभियुक्ताओं की तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 06 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद किए गए इस नशे के स्टॉक को सील कर दिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नेहा (पत्नी कालूराम),प्रेमा (पत्नी राम भजन), बिंदिया उर्फ सोनाक्षी (पत्नी अरबे सिंह),लक्ष्मी (पत्नी तिलक) तथा सुशीला उर्फ करिश्मा (पत्नी विश्व दीप) के रूप में हुई है।पुलिस टीम ने जब पकड़ी गईं महिलाओं का पुराना रिकॉर्ड खंगाला, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। पकड़ी गई महिलाएं कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि शातिर अपराधी हैं। इन सभी पर पहले से ही दिल्ली- एनसीआर के विभिन्न थानों में चोरी, लूटपाट और नशा तस्करी जैसे कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अपराध जगत में सक्रिय था।
बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश होने की उम्मीद?
नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इन महिलाओं से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इन महिलाओं के पीछे कोई बड़ा ड्रग माफिया या सिंडिकेट काम कर रहा है जो इन्हें गांजे की खेप सप्लाई करता था। पूछताछ के बाद जल्द ही गांजा खरीद-फरोख्त के इस पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों का खुलासा होने की पूरी संभावना है। कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि युवाओं के भविष्य को खोखला करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी पूरी आक्रामकता से जारी रहेगा।
एडीसीपी मनीषा सिंह का बड़ा खुलासा: ‘NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, पूरे ड्रग्स सिंडिकेट को करेंगे ध्वस्त’
एडीसीपी (Additional DCP) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-20 पुलिस टीम को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से एक पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी।इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर-18 स्थित बिजली घर के पास बने पार्क में दबिश दी। मौके से गांजा बेचने के इरादे से ग्राहक का इंतजार कर रही 5 महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से कुल 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।गिरफ्तार महिलाओं के आपराधिक इतिहास को खंगालने पर यह ज्ञात हुआ है कि इनके खिलाफ पहले से भी चोरी, लूट, लूट के प्रयास और नशा तस्करी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पकड़ी गई महिलाएं मूल रूप से मध्य प्रदेश और आगरा की निवासी हैं, जो वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों में रहकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रही थीं।सभी अभियुक्तों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के माध्यम से इनके पूरे नेटवर्क और सप्लायरों का पता लगाया जा रहा है कि ये गांजा कहां से लाती थीं और नोएडा में किन-किन लोगों को बेचती थीं। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ हमारा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”
