नोएडा में गर्मी से राहत और मानवता का संदेश : सेक्टर-62 में ‘पियाऊ’ और ‘मानवता की दीवार’ का शुभारंभ, एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने किया उद्घाटन

भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर-62 में एक सराहनीय सामाजिक पहल की शुरुआत की गई है। नोएडा प्राधिकरण के सहयोग और बचपन बचाओ सेवा समिति के प्रयासों से स्थापित दो पियाऊ और ‘मानवता की दीवार’ न केवल राहगीरों को राहत देंगे, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करेंगे।

News Diary Today, Noida

Noida News । भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आम नागरिकों को राहत पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर-62 में दो महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल की शुरुआत की गई। नोएडा प्राधिकरण के सहयोग तथा बचपन बचाओ सेवा समिति के प्रयासों से सेक्टर-62 में दो स्थानों पर ‘पियाऊ’ और ‘मानवता की दीवार’ का शुभारंभ किया गया। पहला पियाऊ फोर्टिस अस्पताल के निकट तथा दूसरा सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के पास स्थापित किया गया है।

सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी (आईएएस) एवं विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) इंदु प्रकाश (पीसीएस) ने फीता काटकर पियाऊ एवं मानवता की दीवार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-4 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप साहू, जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अशोक वर्मा, प्रबंधक वैभव नगर, अवर अभियंता राजेश कुमार सिंह सहित प्राधिकरण के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। News Diary Today

उद्घाटन के दौरान एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने कहा कि बचपन बचाओ सेवा समिति द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। पियाऊ की व्यवस्था से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास जारी रखने की उम्मीद जताई।

विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश ने ‘मानवता की दीवार’ को समाज में सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास अतिरिक्त कपड़े, पुस्तकें, लेखन सामग्री, खिलौने या अन्य उपयोगी वस्तुएं हैं, वे इन्हें यहां रख सकते हैं। वहीं जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार इन वस्तुओं का निःशुल्क उपयोग कर सकेंगे। यह पहल समाज में संवेदनशीलता, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करेगी।

बचपन बचाओ सेवा समिति के अध्यक्ष कैलाश शाह और महासचिव गौरव कुमार यादव ने नोएडा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण के सहयोग से संस्था लगातार जनहित और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ना तथा उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। संस्था शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महासचिव गौरव कुमार यादव ने बताया कि बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सहायता उपलब्ध कराने के लिए संस्था द्वारा एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। इसके माध्यम से जरूरतमंद बच्चों और उनके अभिभावकों को शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बचपन बचाओ सेवा समिति वंचित और जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए तन, मन और धन से समर्पित होकर कार्य कर रही है।

संस्था के राष्ट्रीय सचिव एम.एल. यादव एवं अजय कुमार सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह के बाद राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों के बीच शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और संस्था के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में बचपन बचाओ सेवा समिति के अध्यक्ष कैलाश शाह, उपाध्यक्ष सुरेश शाह, महासचिव गौरव कुमार यादव, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय सचिव एम.एल. यादव, राष्ट्रीय सचिव अजय कुमार सिंह, रेडी-पटरी संगठन के अध्यक्ष बरकत अली, महासचिव अली अकबर, मोहम्मद कलाम, विवेक सिंह, दिलीप प्रजापति, मुरली, मीना देवी, शैलेश श्रीवास्तव, टी.एन. झा, रामबाबू, सुवेंदु सिन्हा, संजय गुप्ता, सोनू शर्मा, उमेश सिंह, सरोज गुप्ता, राहुल, आकाश, प्रिंस, विजय भान सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

संस्था के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने कहा कि पियाऊ और मानवता की दीवार जैसी पहलें समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और समाज के सक्षम वर्ग को भी जरूरतमंदों की सहायता करने का एक सशक्त माध्यम प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। News Diary Today