सेक्टर-113 पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर ‘राजा ठाकुर’, चोरी की बाइक और नकदी बरामद।

नोएडा पुलिस ने एक ऐसे शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जिसकी आपराधिक फाइल औरेया से लेकर नोएडा तक फैली हुई है। सेक्टर-113 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर विजय प्रताप उर्फ ‘राजा ठाकुर’ को चोरी की बाइक, नकदी और अवैध चाकू के साथ दबोच लिया। आरोपी पर पहले से 16 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नोएडा में यह उसका 17वां केस है।

औरेया से नोएडा तक 17 मुकदमे दर्ज, गैंगस्टर एक्ट में भी वांछित

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | थाना सेक्टर-113 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शातिर चोर एवं स्नेचर विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट, स्नेचिंग की वस्तुओं को बेचकर जुटाए गए 12,300 रुपये नकद तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। बता दें कि दिनांक 28/06/2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम FNG सर्विस रोड, सोरखा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अभियुक्त विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर पुत्र विशुन सिंह को दबोच लिया गया। अभियुक्त ग्राम अकबरपुर डाढा, थाना फफूंद, जनपद औरेया का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 32 वर्ष है और पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद औरेया के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। नोएडा में पकड़े जाने के बाद थाना सेक्टर-113 में उसके खिलाफ बीएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत 17वां मुकदमा पंजीकृत किया गया था और पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 12,300 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने नोएडा-ग्रेनो क्षेत्र में कई स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। वहीं थाना प्रभारी सेक्टर-113 ने बताया कि अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद बाइक के चेसिस नंबर से उसके असली मालिक का पता लगाया जा रहा है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने कहा- अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही नोएडा पुलिस”

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर
-113 पुलिस द्वारा शातिर अपराधी विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त औरेया का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस व गैंगस्टर समेत 16 मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। इसके कब्जे से चोरी की बाइक, 12,300 रुपये नकद व अवैध चाकू बरामद हुआ है। अभियुक्त से पूछताछ जारी है। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

Author