मेरठ : पीएम मोदी, अमित शाह और योगी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला अहसान गिरफ्तार, थाने में कान पकड़कर मांगी माफी।

मेरठ में बकरीद के बाद एक विवादित वीडियो को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने अहसान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। मेरठ पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद थाने में आरोपी का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बकरीद की नमाज के बाद पीएम और सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाला अहसान गिरफ्तार; थाने पहुंचते ही कान पकड़कर मांगी माफी”

न्यूज़ डायरी टुडे, मेरठ।

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। मेरठ के देहलीगेट थाना क्षेत्र के रहने वाले बुजुर्ग अहसान को रेलवे रोड थाना पुलिस ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि गुरुवार को बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद जब लोग ईदगाह से बाहर निकल रहे थे, तब आरोपी अहसान ने एक स्थानीय मीडिया रिपोर्टर को इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू के दौरान उसने देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे पदाधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया, जिसमें उसने नेताओं को “गुंडा” तक कह डाला और इस आपत्तिजनक बातचीत का वीडियो जैसे ही इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर प्रसारित हुआ, वैसे ही पुलिस प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। मामले की संवेदनशीलता और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मेरठ पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लिया। रेलवे रोड थाने में आरोपी अहसान और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े दो वीडियो चर्चा में हैं। पहले वीडियो में जहां आरोपी भड़काऊ और अमर्यादित बयानबाजी करता दिख रहा था, वहीं पुलिस की गिरफ्त में आते ही उसका दूसरा वीडियो सामने आया, जिसमें उसके सुर पूरी तरह बदले नजर आए।थाने पहुंचते ही आरोपी अहसान पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा और कान पकड़कर माफी मांगी। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा, “मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है, मैं इसके लिए हाथ जोड़कर माफी चाहता हूं।” इसके साथ ही उसने थाने में सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में बहुत अच्छे कार्य हो रहे हैं।

भड़काऊ बयान बर्दाश्त नहीं: मेरठ पुलिस

इस मामले पर मेरठ की सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि ईदगाह पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद आरोपी ने इस तरह का कृत्य कर सामाजिक शांति को भंग करने की साजिश रची थी। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर भड़काऊ और समाज में तनाव पैदा करने वाले बयानों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर इसी तरह सख्त और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।