खड़ंजे के विवाद में भाजपा नेता के दादा समेत तीन को गोली मारी, 49 पर केस


ग्रेटर नोएडा
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के भोयरा गांव में रविवार सुबह खड़ंजे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने फायरिंग और पथराव कर दिया। जिसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष के दादा और चचेरे भाई के साथ एक महिला को गोली लगी। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना के बाद कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। घटना के बाद से आरोपी पक्ष के लोग मौके से फरार हैं। पुलिस ने 19 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया हैं। भाजपा के रबूपुरा मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने बताया कि गांव में सुनील और भीष्म पाल सिंह के बीच खड़ंजे को लेकर विवाद चल रहा है। सुनील ने घर के सामने खड़ंजे का कुछ हिस्सा रहने की शिकायत की। आरोप है कि उसके बाद उनको फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। जिसके बाद वो परिवार के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और शिकायत दी। शिकायत देने के बाद वापस घर पहुंचे। आरोप है कि तभी आरोपी पक्ष ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। काफी देर तक पथराव किया। गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने गोली लगने से सुनील के दादा राम सिंह (70 वर्ष), चचेरा भाई दीपांशु (14 वर्ष) और एक महिला आशा (30 वर्ष) घायल हो गए। घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। वहीं पुलिस ने भाजपा नेता की शिकायत पर आरोपी पक्ष के सौरव, गौरव, भीष्मपाल, ललित, नागेंद्र, राजपाल, सोनू, रिंकू समेत 19 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]