ग्रेटर नोएडा के UPITS 2026 में यूपी पुलिस की हाईटेक शस्त्र प्रदर्शनी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ATS-STF के आधुनिक हथियार, स्नाइपर राइफल और ड्रोन तकनीक देखकर लोग रोमांचित नजर आ रहे हैं।
News Diary Today | Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) में यूपी पुलिस के हाईटेक हथियारों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस भव्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुरक्षा और तकनीक के अद्भुत तालमेल को दर्शाते हुए यूपी पुलिस, एटीएस (ATS) और एसटीएफ (STF) के आधुनिक शस्त्रागार की प्रदर्शनी लगाई गई है। बता दें कि इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित हो रहे चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) का आगाज बेहद धमाकेदार रहा है। इस व्यापार मेले में पारंपरिक शिल्प (ODOP) और आधुनिक तकनीक के साथ-साथ इस बार उत्तर प्रदेश पुलिस का एक बिल्कुल नया और बेहद ‘स्मार्ट’ रूप देखने को मिल रहा है। मेले में लगाई गई यूपी पुलिस की हाईटेक शस्त्र प्रदर्शनी इस समय दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जहाँ सुरक्षा बलों के पराक्रम और आधुनिक विनिर्माण की सशक्त झलक दिखाई दे रही है।इस बार की प्रदर्शनी में यूपी पुलिस ने अपने तकनीकी बदलाव को प्रदर्शित करते हुए पिछली बार के मुकाबले कई अधिक एडवांस और आधुनिक हथियारों को शामिल किया है। आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों और मारक हथियारों को यहाँ प्रदर्शित किया गया है।इन हथियारों में सबसे ज्यादा ध्यान थर्मल वेपन साइट से लैस स्नाइपर राइफलों ने खींचा है, जो कम रोशनी या घने अंधेरे में भी दुश्मनों पर 1800 मीटर से ज्यादा की दूरी से अचूक निशाना साधने में सक्षम हैं। इसके साथ ही आधुनिक असॉल्ट राइफलें, क्लोज कॉम्बैट हथियार (CQC) और ड्रोन तकनीक को भी इस बार बड़ी प्रमुखता के साथ डिस्प्ले पर रखा गया है।
फिल्मों वाले हथियार लाइव देख रोमांचित हुए लोग!
आमतौर पर जिन घातक हथियारों और गैजेट्स को लोग केवल हॉलीवुड या बॉलीवुड की एक्शन फिल्मों में ही कमांडो के हाथों में देखते थे, उन्हें साक्षात अपने सामने पाकर दर्शकों का रोमांच सातवें आसमान पर है। प्रदर्शनी में पहुंचे युवा, महिलाएं और विशेष रूप से बच्चे इन आधुनिक हथियारों के साथ तस्वीरें खिंचवाने और उनकी कार्यप्रणाली को समझने के लिए उत्सुक नजर आए। एटीएस कमांडो टीम की मौजूदगी ने इस स्टॉल के माहौल को और भी अधिक साहसिक और जीवंत बना दिया।
सुरक्षा का अहसास कराती ‘स्मार्ट पुलिसिंग’!
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को बढ़ाना है। यहाँ न केवल हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है, बल्कि यूपी पुलिस की तकनीकी सेवाओं, हाईटेक मॉनिटरिंग सिस्टम, दंगा नियंत्रण के लिए उपयोग होने वाले अत्याधुनिक पीआरवी (PRV) वाहनों और बुलेटप्रूफ गाड़ियों के काम करने के तरीके को भी बारीकी से समझाया जा रहा है।मेले में आए एक दर्शक ने बताया, “अक्सर हम पुलिस को केवल पारंपरिक हथियारों के साथ ही देखते हैं, लेकिन यहाँ आकर पता चला कि हमारी यूपी पुलिस के पास अब दुनिया के सबसे बेहतरीन सुरक्षा बल ‘एनएसजी’ (NSG) जैसे अत्याधुनिक हथियार और तकनीक मौजूद हैं | यह देखकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।”यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के इस मंच ने वैश्विक खरीदारों और निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत रखने के साथ-साथ यह भी साबित कर दिया है कि राज्य का सुरक्षा तंत्र किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह हाईटेक और सक्षम हो चुका है।
