Ghaziabad : गाजियाबाद दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर 6 लोगों की मौत, हादसा या हत्या?

:- 8 किलोमीटर रॉन्ग साइड दौड़ती रही मौत

:- स्कूल बस, कार से टकराई,3 बच्चों समेत 6 की मौत

गाजियाबाद :- गाजियाबाद में मंगलवार सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सडक़ हादसा हो गया। नोएडा के एक निजी स्कूल की बस और कार में टक्कर हो गई। हादसे में एक परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। दो लोगों की हालत नाजुक है। हादसा एनएच-9 पर क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में सुबह करीब 7 बजे हुआ था। मेरठ के थाना इंचौली के धनपुर गांव का रहने वाला परिवार कार से खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहा था। कार में 4 बच्चे भी सवार थे। तभी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर विजय नगर फ्लाई ओवर के ऊपर गलत दिशा में आ रही स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे का फुटेज सामने सामने आने से स्थानीय प्रशासन और एनएचआई पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बस रॉन्ग साइड लगभग 8 किलोमीटर दूर से चलती हुई आ रही है। सूत्रों की माने तो पहले भी कई बार इस बस का चालान कट चुका है। देखने वाली बात यह है कि इस भयानक हादसे जिसमें एक पूरा परिवार तबाह हो गया उसका जिम्मेदार कौन है।

क्या है पूरी घटना


   सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तेज रफ्तार बस रॉन्ग साइड से जा रही थी। तभी सामने से आ रही कार टकरा जाती है। कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। जिन्हें पुलिस ने किसी तरह निकालकर अस्पताल भेजा। गनीमत रही कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय स्कूल बस में बच्चे नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे में नरेंद्र यादव 45, उनकी पत्नी अनीता 42, और दो बेटे हिमांशु 12, और करकित 15, की मौत हुई। नरेंद्र के भाई धर्मेंद्र की पत्नी बबिता 38 और बेटी वंशिका 7 की भी मौत हुई है, जबकि धर्मेंद 48 और उनके बेटे आर्यन 8 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धर्मेंद्र खेती करते थे, जबकि नरेंद्र इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते थे। डीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया, बस नोएडा के स्कूल की है। ड्राइवर दिल्ली से लौट रहा था। गाजीपुर में उसने सीएनजी भरवाई और रॉन्ग साइड पर चल रहा था। इस हादसे में पूरी गलती बस ड्राइवर की है। बताया जा रहा है कि बस करीब 8 किलोमीटर तक रॉन्ग साइड में दौड़ी। बस ड्राइवर का नाम प्रेमपाल है। उसके नशे में होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हादसे के बाद मवाना के इंचौली के धनपुर गांव में मातम छाया है। 6 लोगों की मौत के बाद एसडीएम अखिलेश यादव मृतक परिवार के घर पहुंचे और सांत्वना दी। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र और नरेंद्र का परिवार खाटू श्याम दर्शन करने जा रहा था। हादसे में नरेंद्र का पूरा परिवार खत्म हो गया। जबकि धर्मेंद्र की पत्नी और बेटी की मौत हो गई। धर्मेंद्र और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हैं।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.