Ghaziabad : यूपी में किसान अपने मुद्दों के साथ आज करेंगे ट्रैक्टर तिरंगा मार्च


:- पुलिस ने रोका तो लखनऊ की तरफ  होगा ट्रैक्टरों का मुंह : भाकियू


गाजियाबाद :- यूपी में एक बार फिर किसान 11 अगस्त को सडक़ों पर उतरेंगे। भारतीय किसान यूनियन यूपी के सभी जिलों में ट्रैक्टर तिरंगा मार्च निकालने जा रही है। किसान जिलों में मुख्यालयों पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर इकट्ठा होंगे। जिन पर तिरंगे लगे होंगे। खेतीबाड़ी से जुड़ी तमाम समस्याओं पर कलेक्ट्रेट को ज्ञापन दिए जाएंगे। भाकियू युवा के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि पुलिस प्रशासन हमारे किसानों के घरों पर फोर्स लगाने की कोशिश कदापि न करे, वरना ट्रैक्टरों का मुंह लखनऊ की तरफ  होगा।
 गाजियाबाद में ट्रैक्टर तिरंगा मार्च 11 अगस्त की सुबह गांव दुहाई से प्रारंभ होगा। किसानों को अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर गांव दुहाई पहुंचने के लिए कहा गया है। यहां से ये मार्च कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पहुंचेगा। इसी तरह अमरोहा में ये मार्च गांव कूबी से शुरू होगा। मेरठ में किसान कंकरखेड़ा फ्लाईओवर पर एकत्र होंगे और फिर ऊर्जा भवन पर पंचायत करेंगे। यहां राकेश टिकैत पहुंच सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन के मेरठ मंडल अध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने कहा, श्पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैक्टर तिरंगा मार्च निकालने की तैयारी पूरी है। पहले ये मार्च 15 अगस्त को निकलना था। बाद में इसे 11 अगस्त को निकालने का फैसला लिया गया है। हर जनपद में मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इन यात्राओं के रूट तय कर लिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन हमें रोकने की कोशिश न करे, वरना ये आंदोलन और तेज किया जाएगा। भाकियू की अगुवाई वाले किसानों ने आखिरी प्रोटेस्ट पहलवानों के मुद्दे पर किया था। वे यूपी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर इकट्ठा हुए थे और कई घंटे तक हंगामा चला था। उसके बाद से किसान अब खेतीबाड़ी से जुड़े मुद्दों पर प्रोटेस्ट करने जा रहे हैं। इसी साल हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। साल 2024 के शुरुआत में लोकसभा चुनाव भी हैं। ऐसे में किसान संगठन फिर से अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में किसानों का मुद्दा पहले से बड़ा रहा है। किसानों की वजह से ही इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी को बढ़त हासिल हुई थी।

किसानों के प्रमुख मुद्दे


:- 14 दिन के अंदर गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हुआ
:- नलकूपों के बिजली बिल माफ नहीं हुए
:- आवारा पशुओं की समस्या से कोई निजात नहीं
:- फसलों की सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी नहीं
:- एमएसपी को गारंटी कानून का दर्जा दिया जाए
:- बाढ़ प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा मिले

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]