International friendship day 2022: अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडशिप डे

मना लें अपने रूठे दोस्तों को

नई दिल्ली :- कहते हैं दोस्ती ही एकमात्र वो रिश्ता है,जिसे हम दुनिया में अपनी मर्जी और अपनी पसंद से तय कर सकते हैं। बाकी मानव जीवन के आधारभूत सम्बंध जैसे माता-पिता, परिवार और भाई-बहन आपके मार्गदर्शक होते हैं। कहा जाता है कि दोस्त आपके जीवन में आपके साथ हर सुख-दुख में साथ होते हैं। विश्व के विभिन्न देशों में तमाम रिश्ते अपने अलग मायने रखते होंगे,लेकिन दोस्ती एकमात्र ऐसा रिश्ता है,जो दुनिया के किसी भी कोने में समान होता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोस्ती का एक दिन किसी त्यौहार से कम कैसे हो सकता है।

शनिवार को है ये खास दिन:

अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस यानी इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे शनिवार को है। दोस्ती को समर्पित इस दिवस को हर कोई अपने दोस्तों के साथ यादगार बनाने की कोशिश करता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा नामित, अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस को हर साल 30 जुलाई को दुनिया भर में लोगों के बीच दोस्ती और सहयोग की साझा भावना को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य मानव एकजुटता और लोगों के बीच दोस्ती के प्यार भरे रिश्ते को बढ़ावा देना है। यह वो दिन है जब सभी दोस्त अपनी दोस्ती का जश्न मनाते हैं और भरोसेमंद वातावरण के निर्माण में अपना योगदान देते हैं। 

ये है इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे का इतिहास:

आपको बता दें कि इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे 30 जुलाई को हर साल मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का प्रस्ताव पहली बार 1958 में विश्व मैत्री धर्मयुद्ध द्वारा प्रस्तावित किया गया था, जो एक अंतरराष्ट्रीय नागरिक संगठन है। ये अंतरराष्ट्रीय संगठन दोस्ती के माध्यम से शांति की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाता है। ग्लोबल फ्रेंडशिप डे की अवधारणा पहली बार 20 जुलाई, 1958 को डॉ रेमन आर्टेमियो ब्राचो द्वारा पराग्वे के एक शहर प्यूर्टो पिनास्को में अपने दोस्तों के साथ खाने के दौरान प्रस्तावित की गई थी। इसी बैठक के दौरान विश्व मैत्री धर्मयुद्ध संगठन का जन्म हुआ।

संयुक्त राष्ट्र का मानना है: 

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे लोगों के बीच शांति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र का फ्रेंडशिप डे पर कहना है, हमारी दुनिया कई चुनौतियों, संकटों और विभाजन की ताकतों का सामना करती है, जैसे कि गरीबी, हिंसा और मानवाधिकारों का हनन, ऐसे में फ्रेंडशिप डे दुनिया के लोगों के बीच शांति, सुरक्षा, विकास और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देता है। दोस्ती के माध्यम से सौहार्द के बंधनों को जमा करके और विश्वास के मजबूत संबंधों को विकसित किया जा सकता है।

आज मनाएं रूठे यारों को:

इस बार अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस महीने के  शनिवार आखिरी शनिवार को होने से अच्छे संयोग हैं। इस दिन अधिकांश दफ्तरों में छुट्टी के चलते लोग अपने दोस्तों संग ज्यादा समय बिता पाएंगे। दोस्तों में छोटी मोटी खींचतान तो आम है,लेकिन उन्हें दिल से तो अलग नहीं किया जा सकता।  तो आप भी इस मौके को पूरी तरह इस्तेमाल करें और अपने रूठे यारों को मनाएं। आप इस दिन अपने दोस्तों को ग्रीटिंग दे सकते हैं,उनसे सॉरी बोल सकते हैं,लंच या डिनर पर बुला सकते हैं या फिर उनके साथ अपनी किसी फेवरेट जगह पर जा सकते हैं । कुल मिलाकर इस मौके को हाथ से जाने न दें, शनिवार की सुबह अपने दोस्तों को इंटरनेशनल फ़्रेंडशिप डे को विश करें और जीवन में उसके खास हिस्सों को वापस जोड़ने की कोशिश करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *