Kejriwal started ‘Mission Make India No 1’ : केजरीवाल ने शुरू किया ‘मिशन मेक इंडिया नम्बर 1’

130 करोड़ देशवाशियों संग कांग्रेस व भाजपा से भी की साथ जुड़ने की अपील

नई दिल्ली:-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ‘मेक इंडिया नम्बर 1’ मिशन की शुरुआत की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया,जिसमें उन्होंने कहा कि लोगों में क्रोध है और सवाल है कि 75 साल में कई देश आजाद हुए और आगे निकल गए। उन्होंने कहा, अगर हम इस देश को इन नेताओं के भरोसे छोड़ देंगे, तो हम और पिछड़ जाएंगे। केजरीवाल ने कहा, मैं अपील करता हूं कि सभी 130 करोड़ लोग इस राष्ट्र मिशन के साथ जुड़ें। जिस दिन सभी 130 करोड़ लोग इससे जुड़ गए तो देश को नंबर 1 बनने से कोई नहीं रोक सकता। आज हर भारतीय चाहता है कि भारत नंबर वन बने, हमारी गिनती अमीर देशों में हो। भारत एक महान देश है, हमारी सभ्यता बहुत पुरानी है, एक समय हमारा डंका बजा करता था, हमें फिर से नंबर एक बनना है।

बोले मिशन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं:

केजरीवाल ने कहा कि इस मिशन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। ये किसी पार्टी का मिशन नहीं है। इसलिए मैं बीजेपी, कांग्रेस, इस पार्टी उस पार्टी के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि इस मिशन से जुड़ें। उन्होंने कहा, मैं देश के सभी राष्ट्रभक्तों से अपील करता हूं कि वे इससे जुडे़ं। जो लोग देश को नंबर 1 देखना चाहते हैं, वे इससे जुड़ें। केजरीवाल ने कहा कि हमें अब लड़ाई नहीं लड़नी है। हमने 75 साल लड़ाई में निकाल दिए। बीजेपी, कांग्रेस से लड़ रही है, कांग्रेस आप से लड़ रही है। बीजेपी आम आदमी पार्टी से लड़ रही है। हिन्दू मुस्लिम से लड़ रहा है,तो मुस्लिम ईसाई से। जातियों में भी आपसी लड़ाई चल रही है। अब हमें लड़ना नहीं है। प्यार से रहना है। नफरत खत्म कर एक मुट्ठी बनकर रहना है,तभी हम भारत को नम्बर 1 देश बना पाएंगे।

सियासी पार्टियों पर किया तंज:

अपने सम्बोधन में केजरीवाल ने अन्य सियासी पार्टियों पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि  भारत के लोग दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट और मेहनती हैं, दुनिया में बेस्ट हैं। फिर भी हम पीछे रह गए। अगर इनके (राजनैतिक पार्टियों) भरोसे छोड़ दिया तो अगले 75 साल और पीछे रह जाएंगे। इनमें से किसी को अपना परिवार प्यारा है किसी को दोस्त प्यारा है। किसी को भ्रष्टाचार करना है किसी को देश लूटना है। उन्होंने अपना घर भरने और दोस्तों का घर भरने के अलावा कुछ नहीं किया।

 पांच कामों का दिया मंत्र:

केजरीवाल ने देश को नम्बर 1 बनाने के लिए 5 कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

1- फ्री शिक्षा:

केजरीवाल ने कहा, हमें 27 करोड़ बच्चों के लिए अच्छी और फ्री शिक्षा का इंतजाम करना होगा। हम यह नहीं कह सकते कि पहाड़ों या आदिवासी इलाकों में स्कूल नहीं खोल सकते। जितना भी खर्च करना हो, यह करना पड़ेगा। जब किसी गरीब का बच्चा पढ़ लिखकर डॉक्टर या इंजीनियर बनेगा ,तभी एक एक बच्चा एक एक परिवार को गरीब से अमीर बना देगा, फिर भारत का नाम अमीर देशों में लिखा जाएगा।

2- फ्री इलाज:

उन्होंने कहा, दूसरा काम यह कि हर एक व्यक्ति के लिए फ्री में अच्छे इलाज का इंतजाम करना पड़ेगा। जब गरीब को भी सही समय और सही ईलाज फ्री में उपलब्ध होगा ,तो उसके परिवार पर बोझ कम होगा।

3- युवाओं को रोजगार:

केजरीवाल ने कहा कि आज युवाओं के लिए बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या बन गया है। हमारी युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। एक एक युवा के लिए रोजगार का इंतजाम करना होगा।

4- महिला को सम्मान:

केजरीवाल ने कहा कि देश की हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए। सुरक्षा और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए हमें घर और समाज में काम करना होगा।

5- किसानों के लिए काम:

केजरीवाल ने कहा, आज किसान का बेटा किसान नहीं बनना चाहता। ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किसानों को फसल का पूरा दाम मिले और किसान का बेटा फक्र से कहे कि हमें भी किसान बनना है।

सियासी जानकारों ने माना 2024 की तैयारी:

अपने इस मिशन को लेकर केजरीवाल भले ही इसे सियासत से परे बता रहे हों,लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर खासी चर्चा है। सियासी पंडितों के कहना है कि दिल्ली के बाद पंजाब फतेह के बाद आम आदमी पार्टी का जोश हाई है। इन दिनों गुजरात और हिमाचल मे भी आप जिस तरह केजरीवाल भाजपा और कांग्रेस और हमलावर हुए हैं,उससे साफ कहा जा सकता है कि ये मिशन केजरीवाल 2024 लोकसभा चुनावों की तैयारी का ट्रेलर है। केजरीवाल अब अपनी आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी हर राज्य में बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल 2024 लोकसभा चुनावों में सीधे पीएम मोदी को टक्कर दे सकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *