Noida News : थाना सेक्टर-126 को मिला आधुनिक भवन, पुलिसिंग होगी ओर प्रभावी

:- पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने किया लोकार्पण, कहा – “सुलभ, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिसिंग हमारी प्राथमिकता”

नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए मंगलवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने थाना सेक्टर-126 के नवनिर्मित प्रशासनिक एवं आवासीय भवन का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारी वर्ग, प्रेस-बंधुओं, RWA/AOA सदस्यों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

गौतम बुध नगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने लोकार्पण समारोह के दौरान कहा, “हमारा प्रयास है कि पुलिसिंग को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए। यह नया भवन इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करेगा और नागरिकों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराएगा।”नवनिर्मित थाना भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें प्रशासनिक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, हवालात, मालखाना और विश्राम कक्ष शामिल हैं। भवन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ग्रीन एनर्जी का उपयोग किया गया है, साथ ही विद्युत आपूर्ति की निरंतरता, उच्च गति इंटरनेट और पेपरलेस कार्यप्रणाली सुनिश्चित की गई है।

थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक आवासीय भवन का भी निर्माण किया गया है, जिसमें सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की गई हैं। तनाव मुक्त वातावरण के लिए खेल-कूद की व्यवस्था और एक समुचित मेस भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों को समय पर भोजन मिल सके।

नव भवन में आने वाले आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। महिला हेल्प डेस्क को विशेष रूप से अलग कक्ष में स्थापित किया गया है, जहाँ महिलाएं निःसंकोच अपनी समस्याएं रख सकेंगी। आगंतुकों की मूलभूत आवश्यकताओं और पार्किंग की व्यवस्था को भी ध्यान में रखकर सुविधाएं विकसित की गई हैं।

पुलिसकर्मियों को मिले हीट कंट्रोल हेलमेट, चौकीदारों का हुआ सम्मान

लोकार्पण समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह द्वारा ट्रैफिक मुख्यालय से प्राप्त 100 हीट कंट्रोल हेलमेट यातायात पुलिस कर्मियों को वितरित किए गए। यह हेलमेट विशेष रूप से हीटवेव से बचाव के लिए बनाए गए हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को गर्मी में ड्यूटी करना अपेक्षाकृत आसान होगा।

इस अवसर पर थाना क्षेत्र में तैनात चौकीदारों को भी सम्मानित किया गया, जिससे उनके योगदान की सराहना की जा सके।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश : “दक्षता और ईमानदारी से करें कार्य”

गौतम बुध नगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अपने संबोधन में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस भवन का अधिकतम उपयोग करें और जनता की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक लखन सिंह यादव, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]