सीएम योगी का नोएडा-यमुना सिटी दौरा आज : 15,000 करोड़ से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं और नए प्राधिकरण भवन की देंगे सौगात |

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा और यमुना सिटी को ₹15,000 करोड़ से अधिक की औद्योगिक और विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान नए उद्योगों की नींव, नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्यालय का लोकार्पण और कई अहम विकास कार्यों का शुभारंभ होगा, जिससे निवेश, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

News Diary Today | Noida News

Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (शनिवार, 27 जून 2026) गौतमबुद्ध नगर (नोएडा और ग्रेटर नोएडा/यमुना सिटी) के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में औद्योगिक निवेश, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ₹15,000 करोड़ से अधिक की महा-परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री के इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण यमुना सिटी के सेक्टर-10 में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC-2.0) के तहत अत्याधुनिक उद्योगों का शिलान्यास है। यहां ‘सेल सोलर पी-6’ (Cell Solar P-6) संयंत्र की आधारशिला रखी जाएगी, जो उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा प्लांट होगा जहां सोलर सेल का निर्माण किया जाएगा। अब तक प्रदेश में केवल सोलर मॉड्यूल असेंबल होते थे। इस अत्याधुनिक सोलर प्लांट के शुरू होने से नोएडा की औद्योगिक इकाइयों को सस्ती और निर्बाध बिजली मिल सकेगी और क्षेत्र में हरित ऊर्जा (Green Energy) को भारी बढ़ावा मिलेगा और सोलर प्लांट के साथ-साथ मुख्यमंत्री यमुना सिटी में अम्बर एंटरप्राइजेज और एसेंट-के सर्किट्स जैसी बड़ी कंपनियों के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण संयंत्रों की भी नींव रख रहे हैं। इन तीनों परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में कुल ₹15,023 करोड़ का निवेश जमीन पर उतर रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर करीब 10,000 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और अपने दौरे के दूसरे चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ नोएडा के सेक्टर-96 में बनकर तैयार हुए नोएडा प्राधिकरण के नए भव्य प्रशासनिक भवन का आधिकारिक लोकार्पण करेंगे। करीब ₹390 करोड़ की लागत से बना यह नवनिर्मित मुख्यालय अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं और कोर गवर्नेंस सिस्टम से लैस है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री नोएडा क्षेत्र के लिए ₹2,478 करोड़ की लागत वाली कुल 69 अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिनमें भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज और कई ड्रेनेज व सीवर लाइन प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

उद्यमियों से संवाद और सुरक्षा के कड़े इंतजाम!

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा करेंगे और क्षेत्र के प्रमुख उद्यमियों के साथ सीधा संवाद कर निवेश की भावी संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के इस हाई-प्रोफाइल वीवीआईपी (VVIP) कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। कार्यक्रम स्थलों और सेक्टर-96 के पास विशेष हेलीपैड बनाए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते तैनात कर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Author