October 12, 2026

Noida News : आरडब्ल्यूए बैठक में पॉकेट-7 की समस्याओं पर मंथन

InCollage_20250810_225431261

:- सीवर ओवरफ्लो, जर्जर पोल, बदबू और सुरक्षा खतरे प्रमुख मुद्दे

न्यूज़ डायरी,नोएडा।

ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 सेक्टर-82 में रविवार को रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने की, जिसमें क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सीवर ओवरफ्लो, गले हुए विद्युत पोल, जर्जर मीटर पैनल बॉक्स, पार्कों की बदहाल स्थिति और बाउंड्री वॉल से सटे गार्बेज रीसाइक्लिंग प्लांट से उठती बदबू जैसे मुद्दे रहे।

बैठक में सबसे पहले लंबे समय से जारी सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर चर्चा हुई। अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्हें आश्वासन मिला है कि स्टीमेट भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति के बाद स्थायी समाधान किया जाएगा।

जर्जर फ्लैट और हादसों का खतरा

प्राधिकरण के कई खाली फ्लैटों का प्लास्टर पूरी तरह झड़ चुका है, जिससे उनकी दीवारें और ढांचा कमजोर हो गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि यह फ्लैट किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। इस मुद्दे पर कई बार लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

गार्बेज प्लांट की बदबू से आसपास के निवासियों का जीना मुश्किल

विवेक बिहार में पॉकेट-7 की बाउंड्री वॉल से लगे गार्बेज रीसाइक्लिंग प्लांट से उठती दुर्गंध ने आसपास के निवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। बैठक में यह मुद्दा जोर-शोर से उठा और लोगों ने अधिकारियों की उदासीनता पर नाराज़गी जताई।

बैठक में बताया गया कि पॉकेट में कई विद्युत खंभे पूरी तरह गले हुए हैं और मीटर पैनल बॉक्स भी जर्जर अवस्था में हैं। विभाग ने एक साल पहले इन्हें बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा, ट्रांसफार्मर के पास खुले जाली के गेट भी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। अध्यक्ष दुबे ने स्पष्ट किया कि यदि इन प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आरडब्ल्यूए मुख्य कार्यपालक अधिकारी और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर स्थिति से अवगत कराएगा और आगे की कार्यवाही करेगा।

मुख्य रूप से उपस्थित रहे

इस मौके पर उपाध्यक्ष रवि राघव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल, गोरे लाल, पप्पू सिंह, घनश्याम जोशी, मिथिलेश राय, अंगद सिंह तोमर, संजय पांडे, सुभाष शर्मा, राजवीर सिंह, विकास कुमार, रमेश चंद शर्मा, दीपक तिवारी, राजेश पाठक, बिजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रकाश जोशी, दीपक मेहरा, सतपति जी, अनूप शर्मा, सेंसर पाल, संगम प्रसाद मिश्रा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Author

You may have missed