फेलिक्स हॉस्पिटल ने हिंदी दिवस पर हिंदी भाषा में दवाएं लिख कर दी मातृ भाषा को प्राथमिकता

नोएडा।

१४ सितबंर १९४९ को संविधान सभा में एक मत से हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया था। इसके बाद से ही हिंदी दिवस को पूरे देश में मनाने का निर्णय किया गया , तभी से हर वर्ष १४ सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है | हिंदी भाषा की महत्ता को लोगो तक पहुँचाने के लिए फेलिक्स अस्पताल ने एक अनोखी कोशिश की | हिंदी दिवस पर फेलिक्स हॉस्पिटल के सभी डॉक्टर ने हिंदी भाषा का प्रयोग करते हुए मरीजों से बातें की , हिंदी में ही उनकी दवाइयों के पर्चे लिखे तथा हिंदी में ही उनको दवाइयां समझाईं |
फेलिक्स के सभी डॉक्टर का मत है कि हिंदी हमारी मातृ भाषा है और हमे हिंदी का प्रयोग गर्व के साथ करना चाहिए |

फेलिक्स हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. डी के गुप्ता ने हिंदी से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों से सम्पूर्ण स्टाफ तथा मरीजों को अवगत करवाया |
१- हिंदी भाषा के प्रचार के लिए नागपुर में १० जनवरी १९७५ को विश्व हिंदी सम्मेलन रखा गया था , इस सम्मेलन में ३० देशों के १२२ प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

२-हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज दुनिया में हिंदी चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा बन चुकी है । विश्व भर में हिंदी बोलने वालों की संख्या करीब ७५-८०करोड़ है।

३-भारत में लगभग ७७ प्रतिशत लोग हिंदी लिखते, पढ़ते, बोलते और समझते हैं।

४-दुनिया में हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि आज विश्व के करीब १७६ विश्वविद्यालयों में हिंदी एक विषय के तौर पर पढ़ाई जाती है।

५-हिंदी के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को देखते हुए साल २००६ के बाद से ही पूरी दुनिया में १० जनवरी को हिंदी दिवस मनाया जाने लगा है।

६-भारत के अलावा नेपाल, मॉरिशस, फिजी, सूरीनाम, यूगांडा, पाकिस्तान, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा जैसे तमाम देशों में हिंदी बोलने वालों की संख्या अच्छी-खासी है । इसके आलावा इंग्लैंड, अमेरिका, मध्य एशिया में भी इस भाषा को बोलने और समझने वाले अच्छे-खासे लोग हैं।

७-हिंदी का नाम फारसी भाषा के ‘हिंद’ शब्द से निकला है. जिसका अर्थ ‘सिंधु नदी की भूमि’ है।

८-हिंदी भाषा की बढ़ती महत्ता को इस बात से समझा जा सकता है कि ‘अच्छा’, ‘बड़ा दिन’, ‘बच्चा’, ‘सूर्य नमस्कार’ जैसे बहुत से हिंदी शब्दों को ऑक्सफर्ड डिक्शनरी में शामिल कर लिया गया है।

९-फ़िजी एक ऐसा द्वीप देश है जहां हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है। जिसके चलते इन्हें फ़िजियन हिन्दी या फ़िजियन हिन्दुस्तानी भी कहा जाता है।
हम सबको हिंदी दिवस पर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सभी हिंदी भाषा का प्रचार प्रसार सम्पूर्ण विश्व में फैलायें |