October 7, 2026

ग्रेटर नोएडा में ‘मुन्नाभाई’ स्टाइल में छप रहे थे नोट : असली स्कैन कर छापे 100 के 2500 से ज्यादा नकली नोट, 3 गिरफ्तार!

1003229354_11zon

ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी असली 100 के नोट को स्कैन कर प्रिंटर से नकली नोट तैयार करते थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 2,549 नकली नोट, प्रिंटर, कटिंग मशीन और स्कॉर्पियो बरामद की है।

News Diary Today | Greater Noida

G.noida | ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 100 के नकली नोट छापने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र से इस गिरोह को दबोचा गया, जिसके पास से भारी मात्रा में जाली नोट और छपाई के उपकरण बरामद हुए हैं। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में जाली नोट खपाने वाले अपराधियों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा की थाना ईकोटेक-1 पुलिस और एसओजी की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो बेहद साधारण तकनीक से देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुँचा रहा था।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बंटी, खुशदिल और उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। ये आरोपी कोई बड़े ग्राफिक डिजाइनर नहीं थे, बल्कि एक साधारण कलर प्रिंटर और स्कैनर की मदद से 100 के असली नोट को स्कैन करते थे। इसके बाद, कंप्यूटर कमांड देकर हूबहू दिखने वाले नकली नोटों की छपाई शुरू कर दी जाती थी।इस गिरोह की सबसे बड़ी चालाकी यह थी कि ये सभी नोट एक ही सीरियल नंबर के आधार पर धड़ाधड़ प्रिंट कर रहे थे। बाजार में पकड़े न जाएं, इसके लिए आरोपियों ने ठगी का एक नायाब तरीका निकाला। वे नकली नोटों की गड्डी बनाते थे और उसके सबसे ऊपर और नीचे असली नोट रख देते थे। भीड़-भाड़ वाले बाजारों, साप्ताहिक मंडियों और छोटे दुकानदारों को चूना लगाने के लिए ये गड्डियाँ इस्तेमाल की जाती थीं ताकि पहली नजर में कोई भांप न सके।

पुलिस की रेड और बरामदगी?

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जब इस गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी की, तो बरामद सामान देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने मौके से 100 के कुल 2,549 प्रिंटेड नकली नोट (करीब 2.54 लाख रुपये मूल्य) बरामद किए।नोट छापने के लिए इस्तेमाल होने वाला हाई-टेक प्रिंटर।नोटों को सही आकार में काटने वाली कटिंग मशीन।वारदात और सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली लग्जरी स्कॉर्पियो कार।4 मोबाइल फोन, जिनमें कई संदिग्ध नंबर और डीलिंग के सबूत मिले हैं।पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक बाजार में कितने लाख रुपये के नकली नोट खपा दिए हैं और इस रैकेट के तार किन-किन अन्य शहरों से जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Author

You may have missed