नवाचार महोत्सव 2026: निशि प्रिया ने लहराया परचम, कंपोजिट विद्यालय भूड़ा को दिलाया प्रथम स्थान

दनकौर में आयोजित जिला स्तरीय नवाचार महोत्सव-2026 में कंपोजिट विद्यालय भूड़ा की सहायक अध्यापिका निशि प्रिया ने अपनी नवाचारी शिक्षण पद्धति से प्रथम स्थान हासिल किया। उनके मॉडल और खेल-खेल में शिक्षा देने के तरीके की निर्णायक मंडल ने जमकर सराहना की।
News Diary Today | Noida News
ग्रेटर नोएडा/दनकौर | जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), दनकौर में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए आयोजित जिला स्तरीय नवाचार महोत्सव-2026 में प्रतिभा और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का बेजोड़ प्रदर्शन देखने को मिला। इस भव्य प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय भूड़ा (ब्लॉक बिसरख) की सहायक अध्यापिका निशि प्रिया ने अपने अनूठे और प्रभावी नवाचार के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। बता दें कि निशि प्रिया द्वारा तैयार किए गए शिक्षण मॉडल और खेल-खेल में शिक्षा देने की आधुनिक तकनीक को निर्णायक मंडल ने सबसे उपयोगी और रचनात्मक माना। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को अधिक व्यावहारिक, रोचक और बच्चों के अनुकूल बनाना है, जिसमें निशि प्रिया का प्रयास सर्वश्रेष्ठ साबित हुआ।निशि प्रिया की इस ऐतिहासिक सफलता पर शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।जूनियर शिक्षक संघ के मेरठ मण्डल अध्यक्ष उमेश राठी ने कहा कि निशि प्रिया ने यह साबित कर दिया है कि हमारे परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं हैं। यह पूरे मंडल के लिए गौरव का क्षण है।जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह नागर ने इसे जिले के सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।बिसरख के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) यशपाल सिंह ने उनके नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जमीनी प्रयास ही सरकारी स्कूलों के बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं।विद्यालय के प्रधानाध्यापक शकरुद्दीन खान और पूरे स्टाफ ने स्कूल परिसर में खुशी जाहीर करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।निशि प्रिया की इस कामयाबी ने यह साफ कर दिया है कि यदि सही सोच और लगन के साथ बच्चों को पढ़ाया जाए, तो परिषदीय विद्यालयों (बेसिक शिक्षा) के बच्चे और शिक्षक हर मंच पर अव्वल आ सकते हैं।


