“बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं जनता फ्लैट्स के परिवार” — शालिनी सिंह।

नोएडा के जनता फ्लैट्स में बदहाली की तस्वीर, मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हजारों परिवार : नोएडा सिटीजन फोरम ने दी आंदोलन की चेतावनी।

Noida News | News Diary Today

नोएडा न्यूज़ : देश की सबसे आधुनिक और “वर्ल्ड क्लास सिटी” कहलाने वाली Noida की चमक-दमक के पीछे जनता फ्लैट्स में रहने वाले हजारों परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शहर के विभिन्न सेक्टरों में स्थित जनता फ्लैट्स की बदहाल स्थिति को लेकर अब Noida Citizen Forum ने मोर्चा खोल दिया है।

सोमवार को नोएडा सिटीजन फोरम (NCF) की कार्यकारी अध्यक्ष Shalini Singh ने अपनी टीम के साथ शहर के कई जनता फ्लैट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। यह दौरा स्थानीय निवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किया गया। लोगों का आरोप है कि वर्षों से वे पानी, सीवर, सफाई, सुरक्षा और जर्जर भवनों जैसी समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

निरीक्षण के दौरान फोरम की टीम ने फ्लैट्स की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और एक प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की। कई स्थानों पर टूटी सड़कें, गंदगी, जलभराव, खराब सीवर व्यवस्था और जर्जर इमारतों की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। स्थानीय निवासियों ने फोरम से अपील की कि उनकी समस्याओं को प्रशासन और प्राधिकरण तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।

इस दौरान Shalini Singh ने कहा कि एक ओर नोएडा को “वर्ल्ड क्लास सिटी” के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, वहीं दूसरी ओर जनता फ्लैट्स में रहने वाले लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन परिवारों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।

उन्होंने आगे कहा कि जनता फ्लैट्स में रहने वाले नागरिकों को भी सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का पूरा अधिकार है। नोएडा प्राधिकरण को चाहिए कि वह इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो Noida Citizen Forum स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाने के लिए बाध्य होगा।

शहर में तेजी से हो रहे विकास और स्मार्ट सिटी के दावों के बीच जनता फ्लैट्स की यह तस्वीर प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि प्राधिकरण इन समस्याओं को लेकर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और जनता फ्लैट्स में रहने वाले लोगों को राहत मिल पाती है या नहीं।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]