प्रतीक यादव का निधन : मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे की 38 साल की उम्र में मौत।

:- मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे प्रतीक यादव।

:- लखनऊ से आई दुखद खबर, यादव परिवार में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश / लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वे 38 वर्ष के थे। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

KGMU में चल रहा पोस्टमॉर्टम
प्रतीक यादव का पोस्टमॉर्टम लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिटनेस प्रेमी थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर निजी जीवन और फिटनेस क्षेत्र में सक्रिय थे। वे लखनऊ में अपना जिम संचालित करते थे और फिटनेस को लेकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय माने जाते थे।
वे मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी स्वर्गीय साधना गुप्ता के बेटे थे।

अपर्णा यादव से किया था प्रेम विवाह
प्रतीक यादव ने वर्ष 2011 में अपर्णा यादव से प्रेम विवाह किया था। अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। दंपति की दो बेटियां हैं।
पति के निधन की खबर सुनकर अपर्णा यादव भावुक हो गईं। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार घर में मातम का माहौल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राजनीतिक नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी।

परिवार और समर्थकों में गहरा दुख
प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद लखनऊ स्थित आवास पर समर्थकों और परिचितों का पहुंचना लगातार जारी है। यादव परिवार के सदस्य भी गहरे सदमे में हैं।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]