Amity University : डा नकुल पराशर के नेतृत्व मे प्रतिनिधिमंडल ने एमिटी विश्वविद्यालय का किया दौरा

:- विज्ञान प्रसार के प्रतिनिधिमंडल ने किया एमिटी विश्वविद्यालय का दौरा

नोएडा :- भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की स्वायतशासी संस्था विज्ञान प्रसार के निदेशक डा नकुल पराशर के नेतृत्व में आज चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एमिटी विश्वविद्यालय का दौरा किया और एमिटी विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञान के प्रसार सहित संचार के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यो की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर एमिटी शिक्षण समूह के संस्थापक अध्यक्ष डा अशोक कुमार चौहान, एमिटी साइसं टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फांउडेशन के अध्यक्ष डा डब्लू सेल्वामूर्ती और एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डा बलविंदर शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस प्रतिनिधिमंडल में विज्ञान प्रसार के साइंस ऑन टेलीविजन के डिविजन हेड डा कपिल त्रिपाठी, विज्ञान प्रसार के साइंस कम्यूनिकेशन ट्रेनिंग के प्रमुख डा टी वी वेंकटेश्वरन और विज्ञान प्रसार के रजिस्ट्ररार इंद्रजीत सिंह शामिल थे।

डॉ नकुल प्रसाद ने कहा

इस अवसर पर विज्ञान प्रसार के निदेशक डा नकुल पराशर ने संबोधित करते हुए कहा कि एक नया भारत उभर रहा है जिसमें बड़ी संख्या में स्टार्टअप लॉंन्च किये जा रहे है। उद्यमिता ‘‘ आत्म निर्भर भारत’’ के मार्ग का नेतृत्व कर रही है और विज्ञान प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नये विकास हो रहे है इसलिए विज्ञान और विभिन्न क्षेत्रों में इसके योगदान के बारे में जागरूकता पैदा करना महत्वपूर्ण है। इस उददेश्य को पूर्ण करने के लिए विज्ञान प्रसार ने साढ़े तीन साल पहले एक विज्ञान चैनल भी शुरू किया है जिसके माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है। डा पराशर ने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्मों के प्रारंभ के साथ संचार क्षेत्र में एक बड़ा परिवर्तन आया है जिसकी वर्तमान में भारत में एक बड़ी दर्शक संख्या है। संचार के माध्यम से विज्ञान को लोकप्रिय बनाना समय की मांग है और एमिटी के पास पहले से ही संसाधनो का एक विशाल भंडार है जिसे विज्ञान के संर्दभ में ज्ञान और जागरूकता फैलाने के लिए चैनलाइज किया जा सकता है। वर्तमान समय में कंटेंट महत्वपूर्ण वस्तु है जिसे दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत किया जाय तो यह जनता तक प्रभावी ढंग से पहंुच सकता है। हम एमिटी के साथ मिलकर कई क्षेत्रों मे साथ में सहयोग करने की संभावनाओं पर विचार कर रहे है।

डा अशोक कुमार चौहान ने संबोधित करते हुए कहा

एमिटी शिक्षण समूह के संस्थापक अध्यक्ष डा अशोक कुमार चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान प्रसार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रचार करके राष्ट्र की महान सेवा कर रहा है जो भारत को वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ने के मुख्य कार्य पर केन्द्रीत है। वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए और इसलिए सुनिश्चित करना आवश्यक है कि अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में किए गये कार्यो की व्यापक पहुंच हो। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी भारत, विश्व का नेतृत्व करेगा और विश्व परिवर्तन में अभिन्न भूमिका निभायेगा।

एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डा बलविंदर शुक्ला ने कहा कि विज्ञान को लोकप्रिय बनाकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए गये कार्यो का निर्माण, संचार और व्यवसायीकरण करना समय की आवश्यकता है। नई शिक्षा नीति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर बल देती है इसलिए संस्थानों को स्वंय को उसी के साथ संरेखित करना चाहिए ताकि वांछित परिणाम प्राप्त हो सके।

विज्ञान प्रसार के साइंस कम्यूनिकेशन ट्रेनिंग के प्रमुख डा टी वी वेंकटेश्वरन  ने कहा कि शिक्षा के दृष्टिकोण में आदर्श बदलाव की आवश्यकता है और कैसे पढ़ाया जाये की बजाय इस बात पर जोर दिया जाना चाहिए कैसे सीखा जाये। विज्ञान और संचार उभरते विश्व की चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम होने चाहिए और इसके लिए जानकारी और विशेषज्ञता विकसित करने की आवश्यकता है। वर्तमान समस्याओं के समाधान को खोजने के लिए ज्ञान के निर्माण पर जोर देने के साथ साथ व्यवहारिक परियोजनाओ को भी चलाना चाहिए।

एमिटी साइसं टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फांउडेशन के अध्यक्ष डा डब्लू सेल्वामूर्ती ने स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में संस्थानों के मध्य आपसी सहयोग आवश्यक है इससे विकास के नये द्वार खुलते है। एमिटी और विज्ञान प्रसार मिलकर नये आयाम स्थापित करेगे जो राष्ट्र निर्माण में सहायक होगा।

इस अवसर पर मौजूद रहे

इस अवसर पर एमिटी स्कूल ऑफ कम्यूनिकेशन के निदेशक प्रो आर के डार्गन ने छात्रों द्वारा विज्ञान और अन्य परियोजनाओ पर आधारित लघु फिल्मों और वृत्तचित्रों की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर एमिटी विश्वविद्यालय के डा नीरज शर्मा, डा वी के जैन, डा नूतन कौशिक, डा मोनालिसा मुखर्जी, डा अभय जैन आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *